बिलासपुर। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने हेतु जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल ध्रुव द्वारा योग प्रचारकों एवं आयुष विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 21 जून को बहतराई ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य योग कार्यक्रम तथा जिले के समस्त आयुष स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों में 17 जून से 21 जून तक पांच दिवसीय योग सत्रों के संचालन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

डॉ. यशपाल ध्रुव ने बताया कि भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) 2026 के उपलक्ष्य में “स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” विषय पर 14 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक विशेष ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम Guinness World Record Attempt के अंतर्गत आयोजित होगा, जिसमें देशभर के नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।



उन्होंने समस्त संस्था प्रमुखों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण करें तथा प्राप्त लिंक के माध्यम से ऑनलाइन योग सत्र में सहभागी बनें। साथ ही अपने मित्रों, परिजनों एवं परिचितों को भी इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करें, जिससे भारत इस ऐतिहासिक उपलब्धि में नया कीर्तिमान स्थापित कर सके।

बैठक में डॉ. कोमल डोटे, डॉ. अजय भारती, डॉ. विश्वनाथ पटेल, डॉ. भारती श्रीवास, डॉ. रश्मि जीतपुरे, डॉ. अपर्णा मिश्रा, योग चिकित्सक डॉ. योगेंद्र चौहान, योग प्रचारक अविनाश दुबे, राजेश त्रिवेदी, शरद मिश्रा, ओंकार दास सहित अन्य योग प्रचारक एवं आयुष विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी उपस्थितजनों से योग दिवस के कार्यक्रमों को सफल बनाने एवं योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

Previous Post Next Post